अल्मोड़ा। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट सुधार परीक्षाओं के तहत बुधवार को जिले में विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। जिलेभर में पंजीकृत 144 विद्यार्थियों में से 135 ने परीक्षा में भाग लिया। नौ विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
हाईस्कूल स्तर पर हिंदी विषय की सुधार परीक्षा आयोजित हुई। इसके लिए 75 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था जिनमें से 70 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और पांच अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट स्तर पर हिंदी विषय की सुधार परीक्षा के लिए पंजीकृत दोनों विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। अंग्रेजी विषय की परीक्षा के लिए 64 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे जिनमें से 61 ने परीक्षा में हिस्सा लिया। तीन विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं संस्कृत विषय की सुधार परीक्षा में तीन विद्यार्थियों का पंजीकरण था जिनमें से दो ने परीक्षा दी और एक अनुपस्थित रहा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुधार परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम में सुधार का अवसर प्रदान करना है। सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और परीक्षाएं निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गईं।