अल्मोड़ा। जिला व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों को जीएसटी के नियमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि व्यापारी को अपने प्रतिष्ठान में जीएसटी नंबर लिखना अनिवार्य है। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी जो भी माल खरीदते हैं उसके पक्के बिल जरूर लें ताकि उन्हें किसी भी अनावश्यक कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि साप्ताहिकबंदी के दिन लगने वाले बाजार में भी राज्य कर विभाग को नजर रखनी चाहिए। इसका पता लगाया जाना चाहिए कि साप्ताहिक बंदी के दिन बडी मात्रा में बिकने वाला सामान व्यापारी टैक्स भुगतान करके लाया है या नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि साप्ताहिक बंदी के दिन नियमों को ताक में रखकर गैर कानूनी तरीके से शहर में कुछ लोग व्यापार कर रहे हैं। इसका सीधा असर कर चुकाने वाले स्थानीय व्यापारियों में पड़ रहा हैै। जिलाध्यक्ष हरेंद्र वर्मा ने बताया कि जीएसटी के नए प्रावधानों को प्रत्येक व्यापारी तक सरलता से पहुंचाने के लिए जल्द कार्यशाला आयोजित की जाएगी। जिसमें सहायक आयुक्त कर कमल किशोर जोशी जानकारी देंगे।
इस मौके पर व्यापार भवन के निर्माण कार्य में आ रही परेशानियों पर चर्चा की गई। बैठक में व्यापार मंडल महासचिव मनीष जोशी, उपाध्यक्ष दीपक साह, जिला प्रभारी अनूप गुप्ता, संगठन मंत्री कमल बिष्ट, कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, दिनेश मठपाल, कमल गुप्ता, संजीव गुप्ता आदि मौजूद थे।