रानीखेत (अल्मोड़ा)। तपन बढ़ने के साथ ही अब रानीखेत के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या गहराने लगी है। एड़ी-रूमा पेयजल योजना से जुड़े कई गांवों में पिछले एक हफ्ते से पानी नहीं पहुंच रहा है, शादी समारोह के लिए लोगों को पानी जुटाने में पसीने बहाने पड़ रहे हैं। 16 किमी लंबी इस पेयजल योजना से आधा दर्जन से अधिक गांव जुड़े हुए हैं, ग्रामीणों ने जल संस्थान से तत्काल व्यवस्थाएं ठीक करने की मांग की है।
एड़ी-रूमा पेयजल योजना से बजीना, डौरव, टूनाकोट, कनार, बजोल आदि गांव जुड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि टूनाकोट, डौरव आदि क्षेत्रों में पिछले एक हफ्ते से पानी की भारी किल्लत चल रही है। पानी के लिए ग्रामीणों को दूरदराज के पेयजल स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
बच्चे भी सुबह और शाम पानी जुटाने की मशक्कत कर रहे हैं। टूनाकोट निवासी मदन सिंह मेहरा ने बताया कि पूर्व में यह योजना कई बार क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन इस बीच कार्य सुचारू रूप से चल रहा था, अब फिर से इन गांवों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। जानवरों के लिए तक पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जल संस्थान को तमाम व्यवस्थाएं सुधारने की जरूरत है। शीघ्र ही इस संबंध अधिकारियों से मिलकर व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की जाएगी।