रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी की यातायात व्यवस्था में और सुधार लाने के लिए पुलिस प्रभावी कदम उठाने की तैयारी में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीएस मीणा ने कहा कि पर्यटन सीजन भी नजदीक है, ऐसे में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। इसके लिए नगर में बैरियरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है। अपराध कम हों इसके लिए गश्ती पुलिस बढ़ाई जा रही है।
एसएसपी पीएस मीणा ने यहां पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि रानीखेत ऐतिहासिक पर्यटन नगरी के रूप में विख्यात है। साल भर हजारों सैलानी यहां पहुंचते हैं, उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए पुलिस यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष रोड मैप बना रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारी और जवानों से अपराधों पर अंकुश लगाने पर जोर दिया। कहा कि शारीरिक रूप से पुलिस कर्मियों को फिट रहने की जरूरत है।