द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। महिला एकता परिषद द्वाराहाट भिकियासैंण ने लापता महिला का दो साल बाद भी सुराग नहीं लगने पर आक्रोश जताया है। चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को एकता परिषद रानीखेत तहसील में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जालली निवासी पुष्पा रावत पत्नी स्व. धन सिंह रावत पिछले 20 सालों से महिला एकता परिषद द्वाराहाट से जुड़ी हैं।
वह गरीब अंत्योदय परिवार की महिला हैं। पुष्पा रावत ने 26 जनवरी 2017 को अपनी विवाहिता पुत्री देवकी देवी के अचानक गुम हो जाने को लेकर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदि को पत्र दिया। साथ 15 दिसंबर 2017 को उपनिरीक्षक राजस्व पुलिस सनणैं को रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, साथ ही गुमशुदा महिला के पति पर उसकी हत्या करने का भी संदेह व्यक्त किया गया था, लेकिन तब से दो साल बीत गए हैं, अब तक उसकी कोई खोजबीन नहीं हो सकी है।
परिषद की सचिव मधुबाला कांडपाल ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि आठ मार्च तक कोई कार्रवाई नहीं होती तो अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रानीखेत तहसील में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।