अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के दौलाघट में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तो खुल गया है, लेकिन तीन ट्रेडों में से मात्र इलेक्ट्रिशियन ट्रेड ही संचालित हो रहा है। जबकि फिटर और फैशन डिजाइनिंग ट्रेड संचालित नहीं होने से क्षेत्र के युवाओं को लाभ नहीं मिल पा रहा है। तीन साल बाद भी आईटीआई का भवन का निर्माण नहीं हो सका है।
तीन साल पूर्व दौलाघट में आईटीआई को सरकार ने मंजूरी दी। मंजूरी के समय इलेक्ट्रिशियन, फिटर और फैशन डिजाइनिंग ट्रेडों को स्वीकृति दी गई। क्षेत्र के लोगों को आशा थी कि संस्थान में प्रशिक्षण लेकर युवाओं के लिए रोजगार के अवर बढ़ेंगे, लेकिन संस्थान में मात्र इलेक्ट्रिशियन ट्रेड ही संचालित हो रहा है। दो अन्य ट्रेडों को सरकार अब तक संचालित नहीं कर सकी है। फैशन डिजाइनिंग ट्रेड क्षेत्र के युवक-युवतियों के लिए रोजगार का अच्छा अवसर हो सकता था। वहीं फिटर ट्रेड भी अब तक शुरू नहीं हुआ है।
स्थापना के समय से आईटीआई दौलाघट में किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जबकि क्षेत्रवासियों ने आईटीआई के लिए 75 नाली भूमि निशुल्क देने का प्रस्ताव भी शासन को दिया है। सरकार की धीमी प्रणाली के चलते अब तक यह भूमि आईटीआई के नाम नहीं हुई है। जिसके चलते संस्थान का भवन भी अब तक नहीं बन सका है। इधर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अल्मोडा के प्रधानाचार्य राजश आर्या ने बताया कि भूमि विभाग के नाम पर नहीं होने से भवन नहीं बन सका है। जबकि संसाधनों के अभाव में फिटर और फैशन डिजाइनिंग ट्रेड भी संचालित नहीं हो पा रहे हैं।