अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा के अतिरिक्त अस्पताल परिसर में थूकने, धूम्रपान करने और शराब पीकर आने वालों का चालान करने की जिम्मेदारी दी गई है। गार्डों में इस दौरान करीब 36 लोगों का चालान कर उनसे अर्थदंड भी वसूला है। अस्पताल प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि परिसर को गंदा करने वालों का हर हाल में चालान किया जाए।
दरअसल अस्पताल परिसर में पहुंचने वाले लोग अक्सर भूल जाते हैं कि वह एक सार्वजनिक जगह पर हैं। लोग अस्पताल परिसर के दीवारों, कोनों में थूककर दीवारें गंदी कर रहे हैं। इसमें विभाग के कुछ लापरवाह कर्मचारी भी इसमें शामिल रहते हैं। इस अव्यवस्था से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने कुछ माह पहले सुरक्षा गार्डों को अस्पताल परिसर में धूम्रपान, शराब का सेवन करने और थूकने वालों पर नजर रखने के साथ ही उनका चालान करने की जिम्मेदारी भी सौंप दी थी। बकायदा गार्डों को रसीद बुक भी दी गई है। इन महीनों में सुरक्षा गार्डों ने 36 लोगों का चालान भी किया है और उनसे अर्थदंड भी वसूला है।
इधर जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा ने बताया कि सुरक्षा गार्डों को रसीद बुक दी गई है। और उनको अस्पताल परिसर में गंदगी करने वालों का चालान करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें पांच सौ रुपये तक का जुर्माना शामिल है।