अल्मोड़ा। नगरपालिका परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में बृहस्पतिवार को एनटीडी चौराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. दुर्गा सिंह रावत की मूर्ति, मल्ला जोशीखोला में रैन बसेरा और टैक्सी स्टैंड की छत में बारात घर का लोकार्पण किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेनी होगी। उन्होंने नगर के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि टम्टा धर्मशाला, सीवर लाइन का निर्माण, मेडिकल कालेज, आइएसबीटी के कार्य को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने बताया कि 10 लाख रुपये की लागत से एनटीडी चौराहे पर स्थल विकास और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. दुर्गा सिंह रावत की मूर्ति स्थापित की गई है। स्व. रावत ने देश को आजाद कराने के लिए तहसीलदार का पद तक त्याग दिया था। इस स्थान के विकास के लिए जिला योजना से तीन लाख रुपये और स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मल्ला जोशीखोला में एसएसपी कार्यालय के समीप 58.31 लाख लागत से रैन बसेरा, शॉपिंग कांप्लेक्स की छत पर 38.92 लाख रुपये से बारात घर निर्मित किया गया है।
इन विकास कार्यों का लोकार्पण विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक मनोज तिवारी और कैलाश शर्मा ने किया।
इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दुर्गा सिंह रावत के पौत्र हर्ष रावत को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन सभासद राजेंद्र तिवारी ने किया। सभासद अशोक पांडे ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर पालिका के ईओ श्यामसुंदर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, आनंद सिह बगडवाल, देवाशीष नेगी, धर्मेंद्र बिष्ट, हरीश पंत, पूरन रौतेला, रमेश कांडपाल, सचिन आर्या, मुकेश नेगी, विद्या बिष्ट, हेम तिवारी, मुकेश नेगी, जगमोहन बिष्ट, श्याम पांडे, विद्या बिष्ट, राधा नेगी, कंचन भट्ट, सरिता टम्टा, जीवन लाल वर्मा, केवल सती आदि मौजूद थे।