अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने स्वीकृत सड़कों के निर्माण में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर सड़कों के नहीं बनने से स्थानीय जनता को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कुंजवाल ने आरोप लगाया है कि सरकार और जिला प्रशासन ने सड़कों के निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण करने की प्रक्रिया को एकदम बंद कर दिया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा अल्मोड़ा जिले में सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन इन सड़कों को वन भूमि की मंजूरी नहीं मिलने से इनका निर्माण अधर में लटक गया है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर वनभूमि हस्तांतरण के मामलों में तेजी लाने का आग्रह किया है। साथ ही जिलाधिकारी अल्मोड़ा से अनुरोध किया है कि सड़कों के निर्माण में हस्तांतरण होने वाली भूमि के बदले दी जाने भूमि की जो प्रक्रिया है उसको तत्काल पूरा करवाया जाए, ताकि समय पर सड़कों का निर्माण हो सके।