अल्मोड़ा। नंदादेवी मंदिर कमेटी ने नंदादेवी मंदिर परिसर में जीर्णोद्धार कार्यों के लिए मंजूर 84 लाख रुपये की धनराशि का उपयोग करते हुए कार्य शुरू करने की मांग की है। मंदिर समिति ने आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूर्ववर्ती सरकार ने अल्मोड़ा के प्रसिद्ध ऐतिहासिक नंदादेवी मंदिर के निर्माण के लिए 84 लाख रुपये जारी किए थे। जिला प्रशासन ने यह राशि ग्रामीण निर्माण विभाग को तत्काल सौंप दी थी। ग्रामीण निर्माण विभाग, पुरातत्व विभाग और मंदिर कमेटी के बीच हुई बैठकों के बाद शीघ्र निर्माण कार्य करने पर सहमति बनी। बाद में आचार संहिता के कारण काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद कुछ अधिकारियों का तबादला हो गया। निर्माण कार्य शुरू करने का तय समय पांच अक्तूबर था पर विभाग ने टेंडर होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं किया।
कमेटी के अध्यक्ष शिरीष पांडेय ने बताया कि अधिशासी अभियंता ने मंदिर में आकर मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों से वार्ता की और दीपावली के तत्काल बाद कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि काफी लंबे समय बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि काम शुरू नहीं होने पर प्रदेश शासन के अपर सचिव ने अब अवमुक्त धनराशि को वापस करने के निर्देश दे दिए हैं। श्री पांडे ने कहा कि यह धनाराशि वापस नहीं जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नंदादेवी मंदिर लोगों की अटूट आस्था का केंद्र है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं होने पर मंदिर कमेटी आंदोलन करने को बाध्य होगी।