अल्मोड़ा। खेल प्रशिक्षक और राष्ट्रीय खिलाड़ी हरीश सिंह चौहान ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को तराशने में जुटे हैं। वह प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी ओर से मुफ्त में खेल सामग्री भी वितरित कर रहे हैं।
कोच हरीश सिंह चौहान ने बताया कि वह धौलादेवी और लमगड़ा विकासखंड के विभिन्न गांवों के युवाओं को खेलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने धौलादेवी ब्लॉक के चगेठी, दशौला बडियार, दन्यां, डसौली, गुरुड़ाबांज, चामी, मनियागर, पनुवानौला में खिलाड़ियों को वॉलीबाल, नेट, बैडमिंटन पोल, नेट, ताइक्वांडो और लमगड़ा ब्लॉक के पीपली में वॉलीबाल, नेट, डोल आश्रम लमगड़ा में गोला, चक्का फेंक आदि खेल सामग्री मुफ्त में वितरित की। साथ ही वह खिलाड़ियों को मुफ्त में प्रशिक्षण दे रहे हैं।
एथलेटिक्स, ताइक्वांडो, कराटे, कबड्डी, खो-खो खेल में कई ग्रामीण खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बल्कि खिलाड़ियों को तराशने के लिए एक अच्छा प्रशिक्षक और खेल संसाधनों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है लेकिन बहुत कम छात्र-छात्राएं ही प्रतियोगिताओं में भागीदारी करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी यदि बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं दी जाएं तो वह भी खेलों में मुकाम पा सकते हैं।