अल्मोड़ा। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल आरपी जोशी ने जिले के सभी हवलदार और समक्षक पदों तक के पूर्व सैनिकों से पुत्री विवाह अनुदान प्राप्त करने के लिए केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि इसके लिए पूर्व सैनिकों को पुत्री की शादी के तीन माह के अंतर्गत विवाह पंजीकरण कार्यालय में विवाह पंजीकरण कराना होगा। तत्पश्चात आवेदन पत्र को केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट में अपलोड करें। इसके लिए पूर्व सैनिकों को सेवा विवरण पुस्तिका की छाया प्रति भाग दो आदेश के साथ, पूर्व सैनिक परिचय पत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र, पुत्री की जन्मतिथि के प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छाया प्रति, पूर्व सैनिक आधार कार्ड की छाया प्रति जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में जमा करनी होगी, साथ ही स्वलिखित प्रमाण पत्र भी देना होगा कि कहीं से कोई अनुदान प्राप्त नहीं किया गया है।