स्वीकृति के छह साल बाद भी धौलादेवी ब्लाक में अटल आदर्श ग्राम योजना के तहत चलमोड़ीगाड़-कलौटा सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। इस कारण एक दर्जन गांवों की करीब 20 हजार आबादी यातायात से नहीं जुड़ सकी है। ग्रामीणों ने संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन भेजकर जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 2009-10 में अटल आदर्श ग्राम योजना के तहत चलमोड़ीगाड़ा-कलौटा सड़क को मंजूरी मिल गई थी। इस सड़क को बनाने का उद्देश्य थली, कुलौरी, पौधार, कोठाकूना, नैनोली, वन, विनीखेत, कनेड़ा, खौड़ी, रीठाकोट, छनटाना, पाभी, कलौटा गांव को यातायात सुविधा पहुंचाना है। 13 किमी लंबी इस सड़क के बनने से क्षेत्र की 18 से बीस हजार आबादी को यातायात सुविधा मुहैया होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि वन भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछली सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के चलते सड़क निर्माण को प्राथमिकता नहीं दी, जिससे क्षेत्रवासी अब तक यातायात सुविधा से वंचित चल रहे हैं। उन्होंने सड़क के लिए बजट आवंटित करने की मांग पेयजल मंत्री से की है। ज्ञापन देने वालों में थली की प्रधान धनुली देवी, दीवान राम, जानकी जोशी आदि शामिल हैं।