फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्मोड़ा के टोटाम में बस खाई में गिरी 13 की मौत, 14 घायल

Tue, 13 Mar 2018 10:35 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  अल्मोड़ा।
विज्ञापन
खाई में गिरी बस के उड़े परखचे। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

देघाट से रामनगर को जा रही जीएमओयू की बस मंगलवार सुबह सल्ट तहसील के टोटाम के समीप खोईधार में करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में कुल 27 लोग सवार थे। घायलों को रामनगर और हल्द्वानी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तेज रफ्तार और सड़क के संकरी होने और पैरापिट न होने को हादसे का कारण बताया जा रहा है। शवों का पोस्टमार्टम भतरौंजखान अस्पताल में हुआ, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने भी अफसरों से घटना के बारे में जानकारी ली।

विज्ञापन


उन्होंने बाद में हल्द्वानी के अस्पतालों में जाकर घायलों का हालचाल जाना। उनियाल ने मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख, गंभीर घायलों को 50 हजार और सामान्य घायलों को 25-25 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की। शासन ने जांच के लिए सड़क सुरक्षा परिषद की लीड एजेंसी के विशेषज्ञों को यहां भेजने का फैसला किया है। यह एजेंसी मजिस्ट्रेटी और तकनीकी जांच के अलावा अलग से जांच करेगी। 

जीएमओयू की बस संख्या यूके-04-पीए-0016 मंगलवार सुबह 4:30 बजे देघाट से रामनगर की ओर रवाना हुई। सुबह 8:15 बजे टोटाम के समीप खोईधार में एक कार को पास देते वक्त चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। बस के गिरते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। स्कूल की ओर जा रहे टोटाम गांव के बच्चों ने बस को गिरते हुए देख ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को दुर्घटना की सूचना दी और खुद राहत और बचाव कार्य में जुट गए। दुर्घटनास्थल दूर होने के कारण प्रशासन की टीम डेढ़ घंटे बाद 9:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच सकी। इससे गुस्साए लोगों की प्रशासनिक अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। भिकियासैंण के एसडीएम गौरव चटवाल के अलावा डीएसपी कमल राम आर्य, भतरौंजखान के थानाध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी एसडीआरएफ, रेस्क्यू टीम, सल्ट, रानीखेत आदि क्षेत्रों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। साथ ही आपदा राहत दल भी मौके पर गया।
विज्ञापन


एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा राहत दल के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों और मृतकों के शवों को खाई से निकाला। 12 लोगों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। 15 घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों से उपचार के लिए रामनगर भेजा गया। इनमें से एक घायल भगत सिंह (45) पुत्र कुंदन सिंह निवासी पत्थरखेड़ा (स्याल्दे) ने रामनगर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शेष 14 घायलों में से 12 को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। इनमें आठ को नीलकंठ, एक को एसटीएच और एक को कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घटना की सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से सबसे पहले मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से जिला मुख्यालय अल्मोड़ा करीब 125 किमी दूर है। एसडीआरएफ की टीम भी दुर्घटना स्थल पर पहुंची। इसके बाद जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


........

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें