रानीखेत (अल्मोड़ा)। ऐना-भिटारकोट मोटर मार्ग पर पड़ने वाली मल्याल नदी पर स्वीकृत पुल की निविदाएं खुलने से पुल के शीघ्र निर्माण होने की उम्मीद जगी है। इस पुल के बनने के बाद वाहनों को नदी से होकर नहीं जाना पड़ेगा। इस नदी पर पुल नहीं होने के कारण वाहन चालकों को नदी के बीचों बीच से होकर आधा किमी की यात्रा तय करनी पड़ रही है।
ऐना-जाख-भिटारकोट मोटर मार्ग का निर्माण कार्य नौ साल पहले शुरू हुआ था, ऐना से चार किमी आगे मल्यालनदी होकर गुजरती है, लेकिन इस नदी पर पुल नहीं बन सका था। जिसके चलते वाहन चालकों को नदी के बीच से होकर वाहन गुजारने पड़ते हैं। बरसात में नदी उफान पर होती तो कई बार वाहनों का संचालन तक बंद करना पड़ता है। इस मोटर मार्ग से ऐना, नैड़ी, कुलसीबी, भिटारकोट सहित करीब छह गांवों के ग्रामीण जुड़े हुए हैं। लोग चौपहिया वाहनों में गांव से बैठकर यहां कुंवाली, मजखाली अथवा रानीखेत का सफर तय करते हैं। इस बीच मल्यालनदी के ऊपर से स्वीकृत पुल की निविदाएं खुल गई हैं। इससे स्थानीय नागरिकों में बेहद उत्साह है। पुल बनने से अब वाहनों को नदी के बीचों बीच से होकर वाहन नहीं गुजारने पड़ेंगे।
कोट............
मल्यालनदी पर 36 मीटर स्पान के पुल निर्माण की निविदाएं खुल चुकी हैं। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दो हफ्ते के भीतर पुल बनाने का काम भी शुरू करवा दिया जाएगा। -आदित्य कुमार, अधिशासी अभियंता एनपीसीसी।