भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। भतरौंजखान में पार्किंग की समस्या से यातायात व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। लोगों के वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े रहते हैं जिससे कई बार जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। लंबे समय से वाहन चालक और व्यापारी शासन से पार्किंग स्थल बनाने की गुहार कर चुके हैं लेकिन यह मांग आज तक पूरी नहीं हुई है।
नैनीताल जिले की सीमा से लगे भतरौंजखान कस्बे में हर रोज सैकड़ों वाहन रुकते हैं। टैक्सियों के अलावा रोडवेज और केमू की बसें भी यहां रुकती हैं लेकिन पार्किंग के अभाव में वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा करना पड़ता है। आज तक एक अदद पार्किंग का निर्माण नहीं हुआ है जिससे कस्बे में आए दिन जाम लगता है।
लोगों ने बताया कि कस्बे में पार्किंग स्थल बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन इसे आज तक मंजूरी नहीं मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी अपने कार्यकाल में यहां पार्किंग स्थल बनाने की घोषणा की थी। स्थानीय व्यापारियों और टैक्सी चालकों ने भतरौंजखान में पार्किंग स्थल के निर्माण की मांग उठाई है।