अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन जिला कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को एमओयू के तहत निर्माण कार्य को तय समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए जिला कार्यालय के प्रवेश द्वार पर यहां की संस्कृति से संबंधित म्यूरल सहित अल्मोड़ा जनपद का संक्षिप्त इतिहास, मल्ला महल के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी दीवार पर लिखने को कहा।
उन्होंने निर्माणाधीन कलक्ट्रेट के स्वागत कक्ष में एक मानचित्र लगाने के साथ वहां बैठने की व्यवस्था करने, आधुनिक तरीके का रिकार्ड रूम भी बनाने के भी निर्देश दिए। निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन जिला कार्यालय के मानचित्र का भी अवलोकन किया और उसके अनुसार पूरे परिक्षेत्र का भ्रमण करते हुए जिला परिसर कार्यालय में कम से कम 200 वाहन खड़े करने के लिए परिसर में पार्किंग बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सीमपनैक्स प्रोजेक्ट लिमिटेड की डिप्टी मनेजर पी विश्वकर्मा, प्रोजेक्ट टी घोष, इंजीनियर स्वाति से भी विस्तृत वार्ता की। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बिशन सिंह नेगी, वैयक्तिक अधिकारी हरीश उपाध्याय एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।