अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कालेज नगरखान की 12 छात्राओं को तीन साल बाद भी गौरा देवी कन्या धन योजना की धनराशि नहीं दी गई है। छात्राओं ने समाधान पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अभिभावकों का शिष्टमंडल जिलाधिकारी से मिला और उन्हें मामले से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को मामले की जांच करने के निर्देश दे दिए हैं।
राजकीय इंटर कालेज नगरखान में गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत 2015-16 में 47 छात्राओं ने आवेदन किया था। 19 आवेदनों में कुछ आपत्ति लगाकर फार्म विद्यालय को वापस कर दिए गए। आपत्तियों का निस्तारण कर विद्यालय ने खंड शिक्षाधिकारी के माध्यम से जिला प्रोविजन अधिकारी को सात जनवरी 2016 को पुन: आवेदन प्रेषित किए। जिनमें से सात छात्राओं को गौरा देवी कन्या धनराशि दे दी गई है जबकि 12 छात्राओं को अब तक धनराशि नहीं मिली है।
इस मामले में अभिभावकों ने जिला प्रोविजन अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया तो पता चला कि छात्राओं के नाम कंप्यूटर में अंकित नहीं हैं। इसकी शिकायत समाधान पोर्टल में की गई। इसके बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन देने वालों में नारायण सिंह, उक्रांद जिला महामंत्री शिवराज बनौला, गोपाल बिष्ट, नारायण बिष्ट, दीवान राम, प्रताप सिंह आदि अभिभावक शामिल हैं।