लमगड़ा (अल्मोड़ा)। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजेठी के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के बहुरंगी रंग बिखेरे। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि शिक्षा से ही सर्वांगीण विकास संभव है। निरंतर मेहनत से ही व्यक्ति को सफलता मिलती है।
कुंजवाल ने जूनियर हाईस्कूल बजेठी में फर्नीचर के लिए दो लाख रुपये और प्राथमिक स्कूल बजेठी को 25 हजार रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। छात्र-छात्राओं ने बेडू पाको बारह मासा नरैण काफल पाको चैता मेरी छैला... समेत कुमाऊंनी, गढ़वाली लोकगीत समेत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजकीय जूनियर हाईस्कूल उल्सेटी के छात्र-छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर लोगों का मन मोह लिया।
छात्र सुनील कुमार ने हुड़का वादन कर वाहवाही बटोरी। प्रधानाध्यापक हरी राम ने मुख्य अतिथि को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अध्यक्षता प्रधान लीला मेर और संचालन ब्लॉक समन्वयक राजेंद्र सिंह मनराल ने किया। कार्यक्रम में लमगड़ा के खंड शिक्षाधिकारी विनय कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल, प्रधान संगठन के अध्यक्ष शिवराम आर्या, दीवान राम आर्या, रमेश मेलकानी, देवेंद्र टम्टा, नारायण सिंह थापा, रतन सिंह, आनंद सिंह, हरीश मनराल आदि मौजूद थे।