भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। मंगलवार को हुई बर्फबारी के बाद से बेतालघाट-कालाखेत पंपिंग योजना ठप पड़ी है। जिसके चलते अल्मोड़ा नैनीताल जिले के साठ गांवों सहित भतरौंजखान कस्बे की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।
कालाखेत के पास ट्रांसफार्मर में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। इस कारण बेतालघाट-कालाखेत पेयजल योजना से पानी सप्लाई नहीं हो सका। इस कारण बड़वार, रींची, भतरौंज, कालाखेत, बैना, भतरौंजखान सहित अनेक स्थानों पर पेयजल के बिना लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के लोगों ने जीप और पिकप से पानी लाकर काम चलाया।
ज्ञात हो कि कोसी कालाखेत पम्प योजना से अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत ब्लॉक के सोलह, भिकियासैंण ब्लॉक के बड़वार भतरौंखान और नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के 43 गांवों में इस योजना से पेयजल आपूर्ति होती है। जल निगम के अधिशासी अभियंता दलीप सिंह बिष्ट ने बताया कि पेयजल योजना के चौथे फेस में कालाखेत के पास ट्रांसफार्मर में पोल से करंट नहीं पहुंच पाया है। इस कारण पंप नहीं चल पा रहे है। शुक्रवार को बिजली सप्लाई ठीक होने की उमीद है।