अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के गिरचौला (बाड़ेछीना) में आयोजित द्विवार्षिक जिला सम्मेलन में वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग की। उन्होंने पंचेश्वर बांध बनाने का विरोध किया। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगदीश बुधानी ने कहा कि पहाड़ से लगातार हो रहे पलायन के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। सरकार के पास पलायन रोकने के लिए कोई ठोस नीति नहीं है। इस कारण पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है।
केंद्रीय उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी ने प्रदेश सरकार पर राज्य आंदोलनकारियों का अपमान करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि नानीसार भूमि प्रकरण की अवकाश प्राप्त न्यायाधीश अथवा सीबीआई से जांच कराई जाए। भाजपा जब विपक्ष में थी तो उसने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग का समर्थन किया था, आज सत्ता में रहकर इससे कन्नी काट रही है। उन्होंने पंचेश्वर बांध बनाने का विरोध किया। कहा कि पंचेश्वर बांध अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत जिलों के लिए घातक है। इससे जहां डूब क्षेत्र की जनता प्रभावित होगी वहीं अन्य क्षेत्र भी भूकंप की दृष्टि से प्रभावित होंगे।
उन्होंने मुज्जफरनगर कांड के दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सजा देने, एनएच, खाद्यान्न, समाज कल्याण छात्रवृत्ति घोटालों की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भैंसियाछाना और धौलादेवी के छह न्याय पंचायतों के दर्जनों गांवों के लिए सरयू लिफ्ट पंपिंग योजना का निर्माण किया जाए।
उन्होंने ग्राम पंचायतों को जबरन नगर पालिका क्षेत्र में मिलाने का विरोध किया। इस मौके पर उक्रांद युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष गिरीश नाथ गोस्वामी, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मेहता, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष हरीश जोशी, शिवराज बनौला, दिनेश जोशी आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता पूर्व कैप्टन मान सिंह बिष्ट ने और संचालन दिवान बनौला ने किया। सम्मेलन में केंद्रीय प्रचार मंत्री शिव दत्त भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मेहता, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष हरीश जोशी, दिनेश जोशी, शिवराज बनौला, दिवान बनौला, महेश पांडे, दौलत सिंह बगडवाल, लक्ष्मण सिंह, पान सिंह, कैलाश राम, नारायण सिंह, खष्टी देवी, हेमा चम्याल, गोपाल सिंह, देवनाथ आदि मौजूद थे।