अल्मोड़ा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा हरिद्वार को छोड़कर अन्य सभी जिलों में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के विस्तृत पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि सोमवार को क्षेत्र पंचायतवार नोडल अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यक्ति निर्धारित तिथियों में अपना नाम जोड़ने और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 16 से 18 अप्रैल तक ग्राम पंचायतवार पुनरीक्षण के लिए संगणक, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। 20 से 22 अप्रैल तक प्रशिक्षण और गणना, सर्वेक्षण से संबंधित आवश्यक लेखन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। 23 अप्रैल से 12 मई तक संगणक द्वारा घर-घर जाकर गणना/सर्वेक्षण,13 मई से 16 मई तक निर्वाचक नामावलियों की पांडुलिपियां तैयार की जाएगी।
17 और 18 मई को पांडुलिपियां पंचास्थानी चुनावालय में जमा की जाएंगी। 20 मई से 16 जून तक नामावलियों की डाटा इंट्री, 17 एवं 18 जून को नामावलियों की प्रतियां नोडल अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और मतदान केंद्रवार जनसामान्य के निरीक्षण के लिए उपलब्ध होंगी और 19 जून को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन और 20 से 26 जून तक दावे, आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 27 जून से 1 जुलाई तक दावे आपत्तियों की जांच एवं निस्तारण, दो और तीन जुलाई को पूरक सूची की पांडुलिपियां तैयार करने के बाद चार और पांच जुलाई को इसे पंचस्थानी चुनाव कार्यालय को उपलब्ध करा दिया जाएगा। छह से 10 जुलाई तक पूरक सूचियों की डाटा एंट्री एवं फोटो स्टेट प्रतियां मूल सूची के साथ संलग्न की जाएंगी। 11 जुलाई को तैयार निर्वाचक नामावली को नोडल अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को प्राप्त कराने के बाद 12 जुलाई को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन होगा।