अल्मोड़ा। मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी, वनाधिकारी तथा कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित मामलों के निस्तारण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सिटी बस को कसारदेवी तक चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित मामलों की समीक्षा की जा रही है। इस तरह के मामलों में अधिकारियों को विशेष रुचि लेनी होगी। उन्होंने प्रभारी जिलाधिकारी को जिले में शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा कि जहां पर शिक्षकों की कमी है वहां पर स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। नैनीताल जिले में यह काम चल रहा है। अल्मोड़ा में भी शुरू करने से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी मुख्य शिक्षाधिकारी के साथ बैठक कर इसके बारे में निर्णय ले लें। उन्होंने सिटी बस को कसारदेवी तक चलाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं मंडल विवेक पांडे, वनाधिकारी प्रवीण कुमार, एसडीएम विवेक राय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए नरेश कुमार समेत लोनिवि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी मौजूद थे।