अल्मोड़ा। कुमाऊं सहकारी संघ (केसीडीएफ) के भैंसियाछाना वार्ड के निदेशक पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के लछम सिंह विजयी रहे। दोनों प्रत्याशियों को तीन-तीन वोट मिलने पर फैसला लाटरी से हुआ। जबकि आठ वार्डों के निदेशकों का पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। चार वार्डों के निदेशक पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ है।
केसीडीएफ के सभापति, उपसभापति और अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव मंगलवार 13 नवंबर को होगा। भैंसियाछाना वार्ड से लछम सिंह और ठाकुर सिंह चुनाव मैदान में थे। दोनों प्रत्याशियों को तीन-तीन वोट मिले। इसके बाद फैसला लाटरी से हुआ। जिसमें लछम सिंह विजयी रहे।
लछम सिंह भाजपा समर्थित उम्मीदवार थे। इधर चौखुटिया से भूपेंद्र कांडपाल, लमगड़ा से दिनेश चंद्र, ताकुला से धनी राम, हवालबाग प्रथम से हेमा कनवाल, बागेश्वर से राजकुमार सिंह, ताड़ीखेत से मुन्नी देवी, कपकोट से कृष्ण सिंह, हवालबाग द्वितीय से विनीत बंसल निर्विरोध चुने गए हैं, जबकि धौलादेवी, गरुड़, सल्ट, भिकियासैंण वार्ड में कोई नामांकन नहीं हुआ है।
जिला सहायक निबंधक महेश लाल टम्टा ने बताया कि केसीडीएफ के सभापति, उपसभापति और अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव मंगलवार 13 नवंबर को जिला सहकारी बैंक स्थित केसीडीएफ मुख्यालय में होगा। इधर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल ने दावा किया है कि केसीडीएफ में अधिकांश निदेशक भाजपा समर्थित जीते हैं। केडीसीएफ पर भाजपा कब्जा जमाएगी।