अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में 20 से 22 अक्तूबर तक होने जा रहे अल्मोड़ा महोत्सव की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। इस कार्यक्रम का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अल्मोड़ा आने वाले हैं। मुख्यमंत्री रावत इस कार्यक्रम को भव्य रूप देना चाहते हैं। प्रशासन भी महोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी कर रहा है लेकिन अभी तक शासन स्तर से इस महोत्सव के लिए कोई बजट मंजूर नहीं हुआ है जिससे तैयारियों पर भी असर पड़ रहा है।
पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार 20 से 22 अक्तूबर तक अल्मोड़ा महोत्सव आयोजित कर रही है। जीआईसी मैदान में होने जा रहे तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में जहां राज्य के प्रमुख लोक कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। वहीं स्थानीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही उद्यमियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। महोत्सव के आयोजन में काफी पैसा खर्च होने का अनुमान है। अच्छे स्तर के मंच और साउंड सिस्टम में ही काफी पैसा खर्च हो जाता है।
यह माना जा रहा था कि महोत्सव के आयोजन के लिए सरकार अच्छा बजट मंजूर कर सकती है लेकिन महोत्सव के 10 दिन रह गए हैं पर अभी तक शासन से कोई बजट नहीं मिला है। प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी इसकी पुष्टि कर चुके हैं लेकिन उम्मीद की जा रही है कि सरकार अच्छा बजट अवश्य मंजूर करेगी। अभी तो स्थिति यह है कि प्रशासन के अधिकारी महोत्सव के अलग-अलग खर्चों के लिए प्रायोजक खोजने में लगे हैं। हालांकि पता लगा है कि कई प्रायोजक मिल भी चुके हैं लेकिन अभी भी लाखों की जरूरत है।