लमगड़ा/जैंती। ग्रामीण प्रीमियर लीग (जीपीएल) 20-20 क्रिकेट मैच के लिए लमगड़ा ब्लॉक के छड़ौजा खेल मैदान में हुए ट्रायल में 72 बालक-बालिकाओं ने दमखम दिखाया। इस मौके पर राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर खेल चुके 70 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके 15 और राज्य स्तर पर खेल चुके 55 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी और स्टेडियम कोच हरीश सिंह चौहान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवा पढ़ाई के साथ ही खेलों में भी बढ़चढ़ कर भाग लें। विशिष्ट अतिथि कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल थे। चयनकर्ता हीरा कनवाल, सुमित पांडे, बसंत पांडे, खजान जोशी, इंदिरा रावत, मनोज पांडे, बसंत चम्याल, देवेंद्र बिष्ट आदि थे। कार्यक्रम में दीपक मलाड़ा, भूपाल बिष्ट, रमेश बोरा, मनोज रावत, सुंदर सिंह, मोहन सिंह, रमेश मेलकानी, रमेश कुमार आदि मौजूद थे। इससे पहले सर्वोदय इंटर कालेज जयंती के मैदान में हुए ट्रायल में 60 बच्चों ने भाग लिया। बताया गया कि ट्रायल पूर्ण होने के बाद टीमों का चयन किया जाएगा। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली टीमों के प्रतिभागियों को उत्तराखंड अंडर-16-19 रणजी की टीमों के साथ खेलने का मौका मिलेगा।