अल्मोड़ा। देवलीखान में ग्रामीण सुरेश की हत्या करने वाले तीसरे आरोपी की आठवें दिन भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। जबकि दो आरोपी राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। इधर मामले में बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचे क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीएम और एसएसपी को ज्ञापन देकर मामले की जांच रेगुलर पुलिस से कराने की मांग की है।
आठ दिन पहले देवलीखान निवासी सुरेश चंद्र जोशी (38) पुत्र प्रेम वल्लभ जोशी की लाश उसके घर से करीब 100 मीटर दूर बरामद हुई थी। मृतक की पत्नी द्वारा सच उगले जाने के बाद राजस्व पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। मृतक की पत्नी द्वारा यह बताने के बाद कि साजिश में दो और लोग भी शामिल थे राजस्व पुलिस ने बीते सोमवार रात देवलीखान के जंगल से सोनू उर्फ शंकर दत्त निवासी देवलीखान को भी गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन तीसरा आरोपी बसर गांव निवासी गोलू अभी फरार है और राजस्व पुलिस के हाथ नहीं आया है।
बुधवार को देवलीखान गांव के ग्रामीण राजेंद्र जोशी, शेखर कांडपाल, दया कृष्ण कांडपाल ने जिलाधिकारी और एसएसपी को ज्ञापन देकर हत्याकांड की जांच रेगुलर पुलिस को सौंपे जाने की मांग की है। इधर राजस्व उपनिरीक्षक डीएस बिरौडिय़ा ने बताया कि फरार चौथे अभियुक्त की तलाश की जा रही है। खोजबीन के लिए दो तीन टीमें बनाई गई हैं।