दन्यां (अल्मोड़ा)। धौलादेवी क्षेत्र पंचायत की बैठक में सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली आदि से संबंधित समस्याएं उठाईं। सदन ने दैवी आपदा से क्षतिग्रस्त विकास योजनाओं को दुरुस्त करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। सदस्यों ने कहा कि राजकीय पालीटेक्निक दन्यां का भवन बन गया है, लेकिन विभाग को हस्तांतरित नहीं हुआ है। डीएम से जल्द भवन विभाग को हस्तांतरित करने की मांग की गई।
सदस्यों ने कहा कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुई पेयजल योजनाओं, संपर्क मार्गों और पुलों की शीघ्र मरम्मत की जानी चाहिए। स्वीकृति के बावजूद कलौटा मोटर मार्ग के लिए निविदा आमंत्रित न करने पर सदन ने रोष जताया। बैठक में मौजूद विभाग के ईई ने एक माह में भीतर निविदा आमंत्रित करने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों पर नियुक्ति, सड़कों में डामर उखड़ने से हुए गड्ढों का भरान करने, बंद नालियां खोलने, सीएचसी दन्यां के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण करने, क्षतिग्रस्त भौरीगाड़, चामी पुल की मरम्मत करने, बजेली मोटर मार्ग की वन भूमि की स्वीकृति, ध्याड़ी न्याय पंचायत क्षेत्र सहित अन्य गांवों में व्याप्त बिजली अव्यवस्था दूर करने की मांग की। समाज कल्याण विभाग की रुकी पेंशन शीघ्र अवमुक्त करने, आवेदन कर चुकी बालिकाओं को कन्याधन योजना का लाभ देने आदि मुद्दे सदन में उठाए गए। अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे ने अधिकारियों से सदन में उठे मुद्दों पर कार्रवाई कर सदस्यों को अवगत कराने को कहा। चर्चा में कनिष्ठ उपप्रमुख प्रकाश भट्ट, धन सिंह बिष्ट, दीवान बनौला, राजू बिष्ट, हरीश जोशी, कुंदन गैड़ा, धन सिंह मेहता, सतीश पंत, डीके जोशी, रमेश नाथ, आनंद जोशी, महेश जोशी, किशोर जोशी, हीरा डोलिया, खीमानंद आदि भाग लिया। उमापति पांडे ने संचालन किया। बैठक में एसडीएम एके सिंह, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, बीडीओ महेश प्रसाद वशिष्ठ आदि थे।
आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाओं के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव पारित
पालीटेक्निक दन्यां का भवन विभाग को हस्तांतरित किया जाए
धौलादेवी विकासखंड की बीडीसी बैठक