अल्मोड़ा। लंबे समय से छात्रवृत्ति नहीं मिलने से नाराज एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में अध्ययनरत एससी-एसटी, ओबीसी छात्र-छात्राओं और बहुजन वालेंटियर फोर्स के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार को नगर में जुलूस निकाला और नारेबाजी कर विरोध जताया। छात्र चौघानपाटा से जुलूस लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
छात्र चौघानपाटा में एकत्र हुए और यहां से नारेबाजी के साथ नगर से बाजारों से होकर कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में अध्ययनरत एससी-एसटी और ओबीसी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में समाज कल्याण विभाग और परिसर प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं होगा तब तक छात्र संघर्ष जारी रखेंगे। छात्रों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जुलूस और सभा में पूर्व छात्रसंघ महासचिव चंदन लाल, संतोष कुमार, मोनू कुमार, चंद्र प्रकाश, पंकज कुमार, दिनेश कोटली, रोहित टम्टा, सूरज आर्या, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, अनमोल आगरी, नकुल आगरी, विरेंद्र कुमार, केवल प्रसाद, पवन कुमार, कुलदीप कुमार, मोहित भारती, रूपा आर्या, अमीषा आर्या, आरती आर्या, काजल कुमारी, पुष्पा आर्या, ज्योति आर्या, संदीप कुमार, संगीता, सोनू कुमार, राजेश कुमार, मनीष कुमार आदि शामिल थे।