सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गगास बचाओ अभियान से गांव वाले भी प्रेरणा लेने लगे हैं। शनिवार को तीन गांवों के ग्रामीण पर्यावरण बचाने का संकल्प लेते हुए कौसानी के जंगल से विभिन्न प्रजातियों के 1200 पौधे लेकर सोमेश्वर पहुंचे। इन पौधों को रविवार को दुरगढ़िया और बड़फैल के जंगलों में रोपा जाएगा।
मेरा गांव मेरा जंगल योजना के तहत कौसानी स्थित वन विभाग की नर्सरी में पौधे लेने पहुंचे भाना राठ, अर्जुन राठ और मल्ला खोली गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पर्यावरण को बचाने की पहल उन्होंने शुरू की है। यह प्रेरणा उन्हें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गगास बचाओ अभियान से मिली। ग्रामीण विभिन्न प्रजातियों के करीब 1200 सौ पौधे लेकर सोमेश्वर आ गए हैं।
पौधे देने के लिए डीएफओ और वन रेंजर का आभार जताते हुए ग्रामीणों ने बताया कि रविवार नौ जुलाई को इन पौधों को दुरगढ़िया और बड़फैल के जंगलों में रोपा जाएगा। इस दौरान मनोज बोरा, राजेंद्र बोरा, महेश बोरा, गिरीश बोरा, कुंदन बोरा, त्रिलोक बोरा, संजय बोरा, सुरेश बोरा, मन्नू बोरा, राहुल बोरा, ललित बोरा, हरीश बोरा आदि थे।