अल्मोड़ा। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में मूल्यांकन जारी है। बृहस्पतिवार को 4216 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई। केंद्र में अब तक 93.3 फीसदी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है।
हाईस्कूल की 93.8 फीसदी और इंटरमीडिएट की 92.8 फीसदी कापियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। अब तक हाईस्कूल की 40631 कापियां और इंटरमीडिएट की 30683 कापियां जांची गई हैं। इंटरमीडिएट में भौतिक विज्ञान, रसायन, वाणिज्य, अंग्रेजी, संस्कृत, जीव विज्ञान और कंप्यूटर की कापियों का मूल्यांकन कार्य कर पूरा कर लिया गया है, जबकि ड्राइंग, अर्थशास्त्र और हिंदी की कापियां जांची जानी शेष हैं।
वहीं हाईस्कूल की विज्ञान प्रौद्योंगिकी और ड्राइंग की कापियों का मूल्यांकन पूरा हो गया है। जबकि संस्कृत, गृह विज्ञान और अंग्रेजी की कापियों का मूल्यांकन शेष है। केंद्र के उपनियंत्रक राजेंद्र पाठक ने बताया कि जांची गई कापियों में से आधी कापियों का अंकेक्षण भी अंकेक्षकों द्वारा किया जा चुका है। उप नियंत्रक ने आशा जताई है कि कि बोर्ड द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि चार मई तक मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा।