अल्मोड़ा। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत द्वाराहाट, चौखुटिया में न्यू बॉर्न स्टेब्लाइज्ड यूनिट (एनबीएसयू) खोलने की तैयारी शुरू हो चुकी है। दोनों जगहों के लिए तीन-तीन लाख रुपये फंड के रूप में मिलने के साथ ही टेंडर भी हो चुके हैं, जबकि धौलादेवी, रानीखेत में तैयार हो चुके एनबीएसयू यूनिट में कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। अक्सर कई नवजात शिशु हाइपोथरमिया से पीड़ित होते हैं।
उनके शरीर का तापमान कभी काफी कम तो कभी ज्यादा हो जाता है। ऐसे बच्चों का न्यू बार्न स्टेब्लाइज्ड यूनिट में रेडियंस वार्मर, फोटोथैरेपी मशीन के जरिए तापमान संतुलित रखा जाता है। इस बीमारी से पीड़ित नवजात बच्चों के इलाज के लिए नेशनल हेल्थ मिशन द्वारा द्वाराहाट, चौखुटिया में न्यू बॉर्न स्टेब्लाइज्ड यूनिट (एनबीएसयू) खोलने की तैयारी के तहत कार्यदायी संस्था आरईएस को दोनों जगह निर्माण के लिए तीन-तीन लाख रुपये मिलने के बाद टेंडर भी हो गए हैं, जबकि धौलादेवी, रानीखेत में एनबीएसयू के लिए भवन का निर्माण पूरा हो गया है।
नगर के बेस, महिला अस्पताल में एनबीएसयू पहले से ही है और यहां मशीनें भी हैं। चौखुटिया, द्वाराहाट में एनबीएसयू यूनिट तैयार हो जाने के बाद न्यू बॉर्न स्टेब्लाइज्ड यूनिट की संख्या छह हो जाएगी। एनएचएम के कार्यक्रम प्रबंधक दीपक भट्ट ने बताया कि द्वाराहाट, चौखुटिया एनबीएसयू के लिए टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही मशीन भी आ जाएगी। धौलादेवी, रानीखेत में यूनिट तैयार हो चुकी है। कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है।