पालीटेक्निक की चहारदीवारी साल 2013 में आई दैवी में बह गई
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। मानसून आने से पहले आपदा प्रबंधन विभाग ने पुख्ता तैयारियां कर ली हैं। उपजिलाधिकारियों को तहसीलों में कंट्रोल रूम स्थापित करने के साथ कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सभी डिविजनों के अधिकारियों को मोटर मार्गों में जेसीबी तैनात करने और लोनिवि और पीएमजेएसवाई को सड़कें, स्कवर, नालियों को 25 मई तक खोलकर वहां साइन बोर्ड लगाने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी तहसीलों के लिए आपदा किट भी क्रय कर लिए हैं जिन्हें जल्द वितरण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बरसात के दिनों में संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। तहसीलों के लिए वुड कटर, आयरन कटर, स्ट्रेचर, रोप, कैराविनर, जुमार आदि क्रय कर लिए गए हैं। बरसात के दिनों में भूस्खलन की संवेदनशीलता को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रहरियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एसएमएस सिस्टम से जोड़ा है। ताकि बारिश और रोड बंद की सूचनाएं बल्क एसएमएस के जरिए प्रधानों से आशा कार्यकर्ताओं तक पहुंच सके। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी ने बताया कि डीएम ईवा आशीष ने भी विशेष निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने 20 से 25 मई तक पीडब्ल्यूडी, लोनिवि, पीएमजेएसवाई के अधिकारियों को सड़कें, स्कवर, नालियों को खोलने, खतरे वाली सड़कों पर साइन बोर्ड लगाने के साथ विभागीय और कंट्रोल रूम के नंबर भी डिस्प्ले करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी मोटर मार्गों में जेसीबी की तैनाती करने के संबंध में निविदाएं और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के अलावा जेसीबी आपरेटरों और मार्गों के नोडल अधिकारी के नंबर आपदा परिचालन केंद्र में देने को कहा गया है।
व्हाट्सऐप नंबर पर दे सकते हैं जानकारी
अल्मोड़ा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेेश जोशी ने बताया कि किसी भी स्थान में आपदा से संबधित जानकारी साझा करने के लिए आपदा कंट्रोल रूम ने व्हाट्सऐप मोबाइल नंबर सक्रिय कर दिया है।
उन्होंने मोबाइल और व्हाट्सऐप नंबर 9410709907 और 7895030046 पर संपर्क करने को कहा है। अन्य सूचनाओं के लिए 05962-237874 और 237875 नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।