अल्मोड़ा। जल संस्थान में कार्यरत संविदा श्रमिकों को फरवरी से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण वह भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि जनवरी 2017 से महंगाई भत्ता का भुगतान नहीं किया गया है। नाराज श्रमिकों ने दस दिन के भीतर डीए और वेतन का भुगतान नहीं होने पर अधिशासी अभियंता कार्यालय में धरना देने का एलान किया है।
उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह अधिकरी और सचिव देवेंद्र प्रसाद जोशी ने आरोप लगाया कि श्रमिकों को फरवरी से अब तक के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही जनवरी 2017 से महंगाई भत्ता भी नहीं दिया गया है। जबकि अल्मोड़ा को छोड़कर अन्य डिविजनों में वेतन का भुगतान कर दिया गया है। संगठन ने उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर वेतन तथा डीए का भुगतान शीघ्र करने की मांग की।
संगठन ने दस दिन के भीतर श्रमिकों को डीए तथा वेतन का भुगतान नहीं करने पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह अधिकारी, उप सचिव दीपक सिंह फर्त्याल, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह मेर, गोविंद नयाल, हर सिंह सिजवाल, भूपाल सिंह आदि शामिल हैं।