अल्मोड़ा। होली के बाद मौसम में आए बदलाव से बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में इन दिनों वायरल बुखार, दमा, श्वसन नली में संक्रमण आदि से ग्रसित रोगी ज्यादा आ रहे हैं।
मंगलवार को जिला अस्पताल में 300 ओपीडी हुई। इससे पहले सोमवार को भी 401 मरीज इलाज को पहुंचे थे। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरसी पंत ने बताया कि मौसम बदलने से रोगियों की संख्या बढ़ गई है।
इन दिनों खासकर वायरल बुखार, छाती में संक्रमण, टायफायड, दमा, थायरायड, निमोनिया और उल्टी-दस्त, पीलिया आदि के मरीज काफी आ रहे हैं।
डॉ. पंत का कहना है कि बदलते मौसम में मरीजों को काफी सावधानी बरतनी चाहिए। बुखार आदि से पीड़ित लोगों को उबले पानी का सेवन करना चाहिए। साथ ही बासी खाने से बचना चाहिए। धूल, धुआं और धूम्रपान से बचाव करना अच्छा रहता है। उन्होंने किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करने को कहा है।