भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क रोजगार योजना के तहत निर्माणाधीन भतजरौंखान-लौकोट मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करने और ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर लौकोट के लोगों ने अधिशासी अभियंता निर्माण विभाग और तहसील कार्यालय पर प्रर्दशन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा।
सोमवार को लौकोट के ग्रामीण ग्राम प्रधान कैलाश पंत के नेतृत्व में पहले निर्माण एजेंसी अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और सड़क का अधूरा कार्य पूरा करने की मांग की। उसके बाद ग्रामीण जुलूस की शक्ल में तहसील कार्यालय गए। उन्होंने यहां भी नारेबाजी की और तहसील प्रशासन के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि सभी भूमि स्वामियों ने लिखित तौर पर अनापत्ति प्रमाणपत्र दिया गया है इसके बावजूद एक व्यक्ति के दबाव में सड़क का कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कुछ लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने का भी एलान किया है। धरना प्रदर्शन में प्रधान कैलाश पंत, गिरीश उपाध्याय,पूरन करगेती, ललित मोहन, केवलानंद, कैलाश तिवारी, भैरव पंत, दीपा,भगवती, शोभा, हंसी, प्रेमबल्लभ, नंदनसिंह,नीतेश आदि शामिल थे।