अल्मोड़ा। बीते माह राजकीय इंटर कालेज सत्यौं के दसवीं के छात्र राकेश कनवाल की जलने से हुई मौत के मामले में उसके माता-पिता और गांव के कई अन्य लोगों के शिष्टमंडल ने सोमवार को विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान से मुलाकात करके राकेश की मौत के मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। विधानसभा उपाध्यक्ष चौहान ने इस मामले में डीजीपी से फोन पर बात करके इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने को कहा। डीजीपी ने अपने स्तर से उचित कार्रवाई करने की बात कही।
मालूम हो कि जीआईसी सत्यौं के दसवीं के छात्र राकेश कनवाल की स्कूल में ही संदिग्ध हालत में जलकर मौत हो गई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग के चलते आत्मदाह का मामला करार दिया था, जबकि राकेश के परिजन इसे आत्मदाह का मामला मानने को तैयार नहीं हैं। राकेश के माता-पिता और गांव से पहुंचे कई लोगों के एक शिष्टमंडल ने इस मामले में सोमवार को विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान से मुलाकात की। उन्होंने इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि राकेश ने नकाबपोशों द्वारा जलाने की बात कही थी। इसलिए मामले की गहराई से छानबीन जरूरी है।
राकेश के परिजनों की मांग पर विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी से फोन पर बात की और घटना से अवगत कराया। चौहान ने डीजीपी से इस मामले की सीबीआई से जांच करवाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि डीजीपी ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। विधानसभा उपाध्यक्ष से मिलने वालों में राकेश के पिता गोपाल सिंह, चंदन सिंह, दान सिंह, रेनु देवी, सुनीता देवी, ललिता देवी, पार्वती देवी, लीला देवी, तारा देवी, रेखा देवी, बसंती, कलावती, आनंद सिंह, शिव लाल आदि शामिल थे।