अल्मोड़ा। कुमाऊंनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति की यहां हुई बैठक में बताया कि तीन दिवसीय नौवां राष्ट्रीय कुमाऊंनी भाषा सम्मेलन तीन नवंबर सुबह 11 बजे से कुंदन लाल साह सभागार अल्मोड़ा में शुरू होगा। सम्मेलन में इस बार कुमाऊंनी कविता, कहानी, उपन्यास और स्मारक साहित्य के अलावा कुमाऊंनी भाषा के विकास में राजनेताओं की भूमिका समेत कई विषयों पर चर्चा की जाएगी।
पहरु कुमाऊंनी मासिक पत्रिका के संपादक डॉ. हयात सिंह रावत ने बताया कि इस बार बहादुर बोरा श्रीबंधु कुमाऊंनी कहानी पुरस्कार भैरव दत्त पांडे को उनके कहानी संग्रह ‘माटिक मोह’ के लिए दिया जाएगा। पुरस्कार के रूप में नकद धनराशि, अंग वस्त्र तथा सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। कवि नीरज पंत ने कहा कि सम्मेलन के दौरान कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में अनूप तिवारी, महेंद्र ठकुराठी, पान सिंह बिष्ट, केबी पांडे, नवीन चंद्र जोशी, पवनेश ठकुराठी आदि मौजूद थे। ब्यूरो