अल्मोड़ा। विधानसभा उपाध्यक्ष और विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने जिला अस्पताल में कूर्मांचल एकेडमी की कक्षा दो की छात्रा श्रेया भट्ट को टीका लगाकर खसरा-रुबेला टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। चौहान ने कहा कि खसरा-रुबेला बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान को गंभारता से लेमा होगा ताकि इस जानलेवा बीमारियों से बच्चों को बचाया जा सके। इस मौके पर बताया गया कि 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत नौ से 15 साल तक के 124864 बच्चों को टीके लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि इन बीमारियों के दुष्परिणाम से बचाव के लिए अभियान को सफल बनाया जाएगा।
एक माह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि शत-प्रतिशत टीकाकरण करने वाली आशा को प्रशस्ति पत्र सहित नकद इनाम भी दिया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को शत प्रतिशत टीकाकरण करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. निशा पांडे ने बताया कि ठोस रणनीति के तहत आज सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी सहित कई स्थानों पर टीकाकरण किया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एके सिंह ने बताया कि जिले में 124864 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस टीकाकरण अभियान में 09 से 15 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य 2020 तक खसरा रुबेला का संपूर्ण उन्मूलन करना है। टीकाकरण पूर्णरूप से सुरक्षित है और इसका कोई भी दुष्प्रभाव नहीं है। संचालन सतीश सती ने किया। इस मौके पर डा. प्रकाश वर्मा, डा. दीपक गब्र्याल, डा. योगेश पुरोहित, डा. कुसुमलता, डा. ललित पांडेय, डीके उपाध्याय, हिमांगी जोशी, सर्विलांस मेडिकल आफिसर डा. गोमती आदि मौजूद थे।