मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के अंतर्गत मरचूला-भिकियासैंण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करने की मांग को लेकर राकेश नाथ गोस्वामी का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरी तरफ कई ग्रामीणों ने क्र मिक अनशन भी जारी रखा। क्षेत्र के कानूनगो आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए पहुंचे, लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्रीय विधायक और डीएम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को वस्तु स्थिति से अवगत नहीं कराएंगे तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि 36 किमी लंबे मरचूला-भिकियासैंण मोटर मार्ग का निर्माण कई सालों से अटका हुआ है। अब तक सिर्फ 12 किमी तक ही टेंडर हुए हैं। टेंडर केे एक साल बाद भी 12 किमी तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। सड़क नहीं बनने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के चलते सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को कानूनगो मनोरथ लखचौरा और पटवारी हंसा दत्त सत्यवली और उमेश शर्मा ने आमरण अनशन पर बैठे समिति के अध्यक्ष राकेश नाथ गोस्वामी से और अन्य लोगों से वार्ता की, लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्रीय विधायक और जिलाधिकारी मौके पर आकर ग्रामीणों को आश्वस्त नहीं करेंगे तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर गोपाल दत्त, महेंद्र सिंह, चंद्रा दत्त, मधुली देवी, नैन सिंह, दीवान सिंह, नारायण सिंह, हरीश चंद्र, परी देवी, धर्मा देवी, गोविंदी देवी, राधा देवी, कुलदीप नेगी, लीला नेगी आदि मौजूद थे।