अल्मोड़ा। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश संगठन महामंत्री भगवान सिंह कार्की ने कहा है कि पांच अगस्त से पूरे प्रदेश में अखंड भारत संकल्प यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से 25 जुलाई तक शहीदों के नाम पर एक-एक पौधा रोपा जाएगा। मंच ने प्रदेश में 50 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। देश को पुन: अखंड भारत बनाने के लिए पांच अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में अखंड भारत संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। कुमाऊं में यह यात्रा पांच अगस्त को जसपुर और गढ़वाल मंडल में हरिद्वार से छह अगस्त को शुरू होगी जो पूरे प्रदेश में जाएगी।
उन्होंने कहा कि लव जेहाद की कार्रवाई हिंदुओं के लिए चिंता का विषय है। संगठन इसका कड़ा विरोध करेगा। इसे रोकने के लिए गांव से थाना स्तर तक मंच की इकाई गठित की जा रही हैं। इधर, हिंजामं के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री भगवान कार्की का पहली बार अल्मोड़ा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ता उन्हें वाहनों के काफिले के साथ शहर में लाए। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष शरद अग्रवाल, प्रेम शर्मा, वीरेंद्र आर्या, अभय साह, जगदीश जोशी, भाजपा जिला महामंत्री रवि रौतेला, भाजयुमो जिलाध्यक्ष महेश नयाल, कुमाऊं सह संयोजक विनीत बिष्ट आदि थे।