जल्द ही होली-डे-होम तक पहुंचेंगे पर्यटकों के वाहन
अल्मोड़ा। अब जल्द ही पर्यटकों के वाहन अल्मोड़ा में स्थित होटल होली-डे-होम तक पहुंचने लगेंगे। होली-डे-होम तक सड़क नहीं होने के कारण पर्यटकों को अपने वाहन कुछ दूरी पर खड़े करने पड़ते थे और वहां से पर्यटक करीब डेढ़-दो सौ मीटर पैदल चलकर होटल परिसर में पहुंचते थे। कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा अब होटल तक ही सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माणाधीन सड़क का निर्माण पूरा करने के लिए प्रदेश शासन ने 18.41 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। उम्मीद है कि अक्तूबर तक सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा।
मालूम हो कि अस्सी के दशक में बने केएमवीएन के होली-डे-होम परिसर शुरू से ही सड़क से नहीं जुड़ सका था। सड़क नहीं होने के कारण पर्यटकों के वाहन होटल से कुछ दूरी पर माल रोड में ही खड़े रहते थे। होटल तक सड़क नहीं पहुंचने के कारण कई पर्यटक यहां ठहरना पसंद नहीं करते थे जिससे केएमवीएन को नुकसान भी उठाना पड़ रहा था। होटल परिसर तक के लिए काफी समय पहले भी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली, लेकिन तकनीकी कारणों से कार्य शुरूनहीं हो सका। इधर वर्तमान प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल ने सभी औपचारिकताएं पूरी करवाकर सड़क निर्माण में आ रही सभी बाधाएं दूर करके करीब छह माह पूर्व निर्माण शुरू करवा दिया।
एमडी गर्ब्याल ने बताया कि सड़क का निर्माण लोनिवि द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क के कटान का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और आगे डामरीकरण सहित कुछ अन्य कार्य होने हैं। उन्होंने बताया कि डामरीकरण सहित अन्य शेष कार्य को पूरा करने के लिए प्रदेश शासन ने 18.41 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है। इसके लिए वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गई है। उन्होंने बताया कि सड़क के साथ ही होली-डे-होम परिसर में वाहनों की पार्किंग भी बनाई जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अक्तूबर तक पर्यटकों के वाहन होटल परिसर तक पहुंचने लगेंगे।