अल्मोड़ा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। फरवरी माह से प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 113 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 11 केंद्रों को संवेदनशील तथा एक केंद्र को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में अटल उत्कृष्ट विद्यालयों को छोड़कर कुल 306 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें से 113 विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के साथ ही विभाग ने परीक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जिले की विभिन्न तहसीलों के दुर्गम एवं अति दुर्गम क्षेत्रों में नकल की आशंका तथा परीक्षा के दौरान किसी प्रकार के व्यवधान की संभावना को देखते हुए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्र चिह्नित किए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों में बारामंडल तहसील का राजकीय इंटर कॉलेज भल्यूटा, भनौली तहसील के राजकीय इंटर कॉलेज भनौली एवं आरासलपड़, धौलादेवी का राइका नौगांवकफड़ा, जैंती का राइका देवस्थल, चौखुटिया का राइका तड़ागताल, रानीखेत का राइका मजखाली, भिकियासैंण का राइका चिन्तोली, स्याल्दे का आर्य इंटर कॉलेज देघाट तथा सल्ट तहसील के राइका कोटचामी एवं नागचूलाखाल शामिल हैं। वहीं, जैंती तहसील के सर्वोदय इंटर कॉलेज जैंती को अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी।
कोट
जिले की विभिन्न तहसीलों के दुर्गम एवं अति दुर्गम क्षेत्रों में नकल की आशंका तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के व्यवधान की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों को चिह्नित किया है। इन केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था को सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
- हरक राम कोहली, मुख्य शिक्षा अधिकारी, अल्मोड़ा