मेरा गांव, मेरा सड़क योजना में सरकार ने अल्मोड़ा विधानसभा में 7.53 करोड़ लागत की दो सड़कें स्वीकृत कर दी हैं। 7.70 किमी लंबाई की इन सड़कों के लिए शासन ने प्रथम चरण में कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग (आरईएस) को 1.17 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए हैं।
संसदीय सचिव विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि सरकार ने नाबार्ड योजना से हवालबाग ब्लॉक में 2.68 करोड़ लागत की धनारा-पाखुड़ा (3.5 किमी) और 4.84 करोड़ से बाड़ेछीना-कुमौली (4.20 किमी) सड़कों को मंजूरी दे दी है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में चालू वित्तीय वर्ष के लिए धनारा-पाखुड़ा सड़क निर्माण को 42 लाख और कुमौली सड़क बनाने को 75 लाख रुपये आरईएस को अवमुक्त कर दिए हैं। तिवारी ने बताया कि कार्यदायाी संस्था को निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने धनराशि जारी करने के लिए मुख्यमंत्री रावत का आभार जताया है।