सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जैंतोली निवासी युवक ने अधूरिया के जंगल में चीड़ के पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
ग्राम पंचायत जैंतोली निवासी खीम सिंह बोरा (38) पुत्र स्व. त्रिलोक सिंह अपने घर में अकेले रहता था। वह सोमेश्वर बाजार में एक रेस्टोरेंट में काम करता था। उसकी पत्नी चौदह वर्षीय पुत्र के साथ पिछले दस साल से जाख गांव स्थित मायके में रहती है। खीम सिंह के तीन भाई अपने परिवारों सहित बाहर रहते हैं। खीम सिंह ने गांव से करीब दो किमी दूर अधूरिया के जंगल में चीड़ के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर बृहस्पतिवार की रात आत्महत्या कर ली है।
शुक्रवार सुबह ग्रामीण जब अधूरिया के जंगल जा रहे थे तो उन्होंने खीम सिंह का शव पेड़ से लटका देखा। सोमेश्वर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।