अल्मोड़ा। एजूकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडलीय सचिव धीरेंद्र कुमार पाठक ने महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को ज्ञापन भेजकर मिनिस्टीरियल कार्मिकों की पदोन्नति के लिए मूल गोपनीय आख्या मांगे जाने के आदेश को निरस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में शिक्षा विभाग में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और प्रधान सहायक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है। आठ माह पूर्व पदोन्नति प्रक्रिया के लिए कार्मिकों की गोपनीय आख्या की छाया प्रति मांगी गई थी, लेकिन जब गोपनीय आख्या की छाया प्रति जमा हो गई है तो अब पुन: महानिदेशक स्तर से आपत्ति कर गोपनीय आख्या की मूल प्रति जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है।
शीघ्र ही लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने की संभावना है। ऐसी स्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और प्रधान सहायक के 400 और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ सहायक के 500 से अधिक पदों पर प्रोन्नति अवरुद्ध होने की संभावना है। इससे कर्मचारियों को नुकसान होगा।