द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के अंतर्गत कफड़ा क्षेत्र में कई दिनों से लोग बिजली की अघोषित कटौती को लेकर परेशान हैं। 12 दिनों से बिजली की आंख मिचोली चल रही है। कफड़ा से लगे छबीसा, मासर, सती नौगांव, कुमाल्टा, बड़ेत आदि गांवों के लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी अब खासा आक्रोश पनपने लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो सभी क्षेत्रीवासी बिलों का भुगतान नहीं करेंगे।
मालूम हो कि कफड़ा क्षेत्र में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती चल रही है। बच्चों की परीक्षाएं नजदीक हैं ऐसे में उन्हें पढ़ाई करने में भारी दिक्कतें हो रही हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र रौतेला, प्रधान खीम सिंह, प्रताप रावत, बचे सिंह बिष्ट, जीवन तिवारी, भुवन कबडवाल आदि ने कहा कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन सार्थक कार्रवाई नहीं हो पा रही है।