अल्मोड़ा। कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला ने कहा है कि निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कार्मिकों को निर्भीकता से कार्य करना होगा। चुनाव कार्य सावधानीपूर्वक करने के साथ राज्य निर्वाचन योग के निर्देशों का पालन करें। आयुक्त विकास भवन में निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। आठ मतदान अधिकारी (तृतीय) प्रशिक्षण लेने के बाद अपने पीठासीन अधिकारी को सूचित किए बगैर चले गए। आयुक्त ने आठों कार्मिकों का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश डीएम को दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कार्मिक किसी राजनीतिक दल के प्रभाव में न आएं। पीठासीन अधिकारी आयोग द्वारा दी गई पीठासीन डायरी का गहनता से अध्ययन करें, ताकि चुनाव कार्य समय से संपन्न हो। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मतगणना में लगे कार्मिकों को सावधानीपूर्वक काम करना होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम नितिन सिंह भदौरिया, सीडीओ मयूर दीक्षित, एडीएम कैलाश टोलिया, एसडीएम विवेक राय, राहुल शाह, अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार खुशबू आर्या, डीडीओ केके पंत, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी त्रिलोक सिंह नगरकोटी, प्रसार प्रशिक्षण केंद्र हवालबाग के प्राचार्य शशिमौल पाठक, डीएसओ जगदीश वर्मा आदि उपस्थित थे।