अल्मोड़ा। सर्वदलीय महिला संस्था के तत्वावधान में जन्माष्टमी महोत्सव के तहत आज शहर में सांस्कृतिक जुलूस निकाला गया। जुलूस में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों और महिलाओं ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। महोत्सव में हुई सांस्कृतिक प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में ग्रेस पब्लिक स्कूल और जूनियर वर्ग में कृतार्थ भावना विद्यालय पहले स्थान पर रहा।
थाना बाजार से जन्माष्टमी का जुलूस शुरू हुआ। जुलूस में शहर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे राधा कृष्ण और गोपियों के वेश में सजे थे। जुलूस में विवेकानंद इंटरमीडिएट कालेज और सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चे घोष के साथ शामिल हुए। मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति ने संस्था को सहयोग किया। नंदादेवी मदिर प्रांगण पहुंचकर सांस्कृतिक जुलूस समाप्त हुआ। इसके बाद गत दिवस विद्यालयों की हुई सांस्कृतिक प्रतियोगिता में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में ग्रेस पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, सांई इंटर कालेज, जूनियर वर्ग में कृतार्थ भावना स्कूल, होली हंस स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश गुरुरानी आदि ने पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षता मीना भैसोड़ा, प्रीति बिष्ट, संस्था की सचिव लीला बोरा, गीता मेहरा, राधा बिष्ट, किरन पंत, लता तिवारी, बीना नयाल, मुन्नी जोशी, प्रेमा मेर, बीना पांडे, भगवती बिष्ट, विद्या बिष्ट, अनीता बिष्ट, लीला जोशी आदि उपस्थित थीं।