अल्मोड़ा। जिले के सोमेश्वर, जमराड़ी बैंड, पनुवानौला, मेलगांव में रामलीला का आयोजन चल रहा है। पनुवानौला में रामलीला के चौथे दिन राम-सीता विवाह, मंथरा-कैकेई संवाद, राम-सीता, राम-कैकेई, राम-सीता-लक्ष्मण, राम-कौशल्या संवाद, राम वनवास का मंचन किया गया। जमराड़ी में केवट दरबार और राम-भरत मिलन आदि का मंचन हुआ। भरत के पात्र रोहित सिंह ने शानदार अभिनय किया।
संचालन गोकुल चंद्र भट्ट ने किया। सोमेश्वर में सोमनाथ महावीर रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला में बृहस्पतिवार मेघनाद-लक्ष्मण युद्ध, मेघनाद, अहिरावण वध, राम-रावण युद्ध, रावण वध, विभीषण राज्याभिषेक, सीता की अग्नि परीक्षा प्रसंगों का मंचन हुआ। इससे पहले मुख्य अतिथि प्रदेश की बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्या ने रामलीला का उद्घाटन किया।
उन्होंने रामलीला मंच, कक्ष निर्माण के लिए विधायक निधि से 3.50 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं अपनी ओर से 11 हजार रुपये रामलीला समिति को दिए। मेलगांव में नवें दिन लक्ष्मण शक्ति, हनुमान का संजीवनी लाना, मेघनाद वध का मंचन हुआ।